02जेएनडी09-उत्तराखंड में हुई नेशनल अंडर-18 कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता हरियाणा की टीम। स्रोत
जींद। उत्तराखंड में एक जुलाई को हुई नेशनल अंडर-18 कबड्डी चैंपियनशिप में महिला खिलाड़ियों की हरियाणा टीम ने राजस्थान की टीम को फाइनल में हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत में जींद की खिलाड़ी तमन्ना काकड़ोद के ऑलराउंड प्रदर्शन ने जीत में अहम भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने 39-35 के अंतर से राजस्थान को मात दी। कोच मंजीत ने बताया कि तमन्ना ऑलराउंडर खिलाड़ी है, लेकिन उसकी रेडर के तौर पर पकड़ ज्यादा मजबूत है।
उन्होंने कहा कि तमन्ना ने अक्टूबर 2016 में खेलना शुरू किया था और तभी से उनके सानिध्य में खेल को निखारा। उनके मार्गदर्शन में की गई मेहनत और कुशलता से अपना खेल कौशल का विकास किया, जिसकी बदौलत नेशनल में गोल्ड जीता।
तमन्ना के पिता वीरेंद्र, मां मीनाक्षी और कोच मंजीत ने कहा कि वह एकेएफआई के अध्यक्ष कुलदीप सिंह दलाल और टीम कोच प्रियंका पिलानिया का आभार व्यक्त करते हैं। कोच मंजीत ने कहा कि वह भविष्य में और भी अच्छे खिलाड़ी तैयार करेंगे।
तमन्ना ने कहा कि कोच मनजीत खिलाड़ियों से बेहतर प्रशिक्षण देते हैं। उनकी बदौलत आज वह यहां तक पहुंची है। तमन्ना का सपना भारत के लिए खेलना और गोल्ड मेडल लाना है।
तमन्ना ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वह बेटियों को भी बेटों के समान पढ़ाई और खेलकूद के समान अवसर प्रदान करें। कोच ने कहा कि तमन्ना के गोल्ड मेडल जीतने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है। गोल्ड मेडल के साथ ही खिलाड़ी ने अपने माता-पिता, गांव और जिला जींद का नाम रोशन किया है।