21जेएनडी04 : सफीदों में पैदल यात्रा निकालते कर्मवीर सैनी व अन्य भाजपा नेता। संवाद
सफीदों। कॉन्फेड के चेयरमैन एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कर्मवीर सैनी ने कहा कि पूरे देश में हरियाणा ही एकमात्र ऐसा राज्य है जहां पर सबसे ज्यादा 14 फसलों पर एमएसपी मिल रहा है। किसानों की हर समस्याओं का समाधान भाजपा कर रही है, ताकि उनकी आमदनी बढ़े। सैनी रविवार को डिडवाड़ा गांव में पैदल यात्रा शुरू करने से पहले लोगों को संबोधित कर रहे थे।
पदयात्रा शुरू करने से पहले गांव में हवन किया गया। पदयात्रा डिडवाड़ा से भुसलाना, खातला, बसीनी, बड़ौद, सरना खेड़ी, साहनपुर होती हुई सफीदों शहर पहुंची। कर्मवीर ने कहा कि आज किसी को अपनी फसल बेचते ही 72 घंटे में पैसा मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत छह हजार रुपये हरियाणा के 19 लाख 42 हजार किसानों को मिल रहे हैं। प्रति वर्ष हरियाणा में केंद्र सरकार की तरफ से 2594 करोड़ रुपये डाले जाते हैं। फसल बीमा योजना के तहत 17 लाख किसानों को 3961 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए गए हैं। भावंतर योजना के तहत 14 सब्जियों टमाटर, प्याज, आलू, भिंडी, किन्नू, अमरूद, बेर, लिची, आम की फसल में खराबा होने पर 30 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता दी जाती है। यह सब मुख्यमंत्री नायब सैनी एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल की देन है। गन्नौर में 537 एकड़ में 7 हजार करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का बागवानी बाजार बनाया गया है। इस मौके पर वजीर मोर एडवोकेट, देवेंद्र गुलिया, सेलर एसोसिएशन के प्रधान सुभाष जैन, रोशन गुर्जर डिडवाड़ा, मलार के सरपंच प्रमोद, रोझला के सरपंच जगत सिंह, सुरेंद्र गुर्जर व अन्य मौजूद रहे।
21जेएनडी04 : सफीदों में पैदल यात्रा निकालते कर्मवीर सैनी व अन्य भाजपा नेता। संवाद