जींद। इंडियन वेटरन संगठन पूर्व सैनिकों की मासिक सभा जाट धर्मशाला में वेटरन जोनल अध्यक्ष राजबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई। सभा का मुख्य उद्देश्य हरियाणा पूर्व सैनिक लीग (एचईएसएल) के 21 सितंबर को होने वाले चुनाव पर था। जिला जींद से दो कॉलेजियम के लिए चुनाव होने हैं।
कॉलेजियम जींद में जींद ब्लॉक, पिल्लूखेड़ा और सफीदों ब्लॉक हैं। जींद कॉलेजियम से वेटरन राजेंद्र सिंह रेढू चुनाव लड़ेंगे। दूसरा कॉलेजियम नरवाना है। इसमें अलेवा, जुलना, उचाना और नरवाना ब्लॉक आता है। नरवाना कॉलेजियम से वेटरन सतबीर सिंह चहल प्रत्याशी होंगे और चुनाव लड़ेंगे। वेटरन राजेंद्र सिंह रेढू ने वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि बहुत से सैनिकों का नाम वोटर लिस्ट से गायब है। जब यह सवाल एचईएसएल कार्यालय से पूछा गया तो कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। एचईएसएल मेंबरशिप जीवन भर के लिए मिलती है। वोटर लिस्ट अपडेट रखना एचईएसएल कार्यालय का काम है जो सरेआम वोटर लिस्ट से नाम निकल रहा है।
जिस सैनिक के पास एचईएसएल का मेंबरशिप कार्ड है और वोटर लिस्ट से नाम गायब है उनको वोट डालने का अधिकार होना चाहिए। वेटरन जोगिंद्र सिंह खटकड़ ने कहा कि जिन सैनिकों के नाम वोटर लिस्ट में हैं और उनके पास एचईएसएल का कार्ड नहीं है तो वो वोटिंग के दिन अपना एईएसएम कार्ड ओर कैंटीन कार्ड साथ में लेकर आएं।
सभी ने एक आवाज में वेटरन राजेंद्र सिंह रेढू और सतबीर सिंह चहल को चुनाव में उतारने का समर्थन किया और पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह सहरावत, अर्जुन व पद्मश्री अवॉर्डी चांद राम, नरेंद्र लाठर, राममेहर, सतबीर चहल, अमरनाथ, भीम, डॉ. सुरेंद्र, ओम खोखरी, ईश्वर सिंह, सतबीर जुलानी, बलवान सिंह, रमेश जागलान व शमशेर भी मौजूद रहे।