07जेएनडी15: अर्जुन स्टेडियम में हैंडबाल खेलती खिलाड़ी। संवाद
जींद। अर्जुन स्टेडियम में 14 से 16 नवंबर तक चौथी ऑल इंडिया राजेंद्र सिंह व सतबीर सिंह मेमोरियल हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। कोच चिराग ढांडा ने बताया कि हैंडबाल के उत्साही खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यह शानदार अवसर होगा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन सतबीर सिंह मेमोरियल हैंडबाल खेल समिति द्वारा करवाया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में देशभर से विभिन्न टीमें भाग लेंगी जो अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में विजेता टीमों को बेहतर पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31,000 रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे बल्कि उन्हें खेल के प्रति और अधिक समर्पित होने के लिए प्रेरित करेंगे।
सतबीर सिंह मेमोरियल हैंडबॉल खेल समिति ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। समिति का उद्देश्य हैंडबाल को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करना है जहां वह अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकें।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं जैसे उचित खेल मैदान, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
यह प्रतियोगिता न केवल खेल की भावना को बढ़ावा देगी, बल्कि राजेंद्र सिंह और सतबीर सिंह की स्मृति को भी सम्मानित करेगी। खेल प्रेमियों से समिति ने अपील की गई है कि वह इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।