08जेएनडी20: लघु सचिवालय में समाधान शिविर में अपनी शिकायत दर्ज करवाती महिलाएं। स्रोत : प्रशासन
जींद। लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविर का आयोजन किया गया। एडीसी प्रदीप कुमार ने लोगों की शिकायतें सुनी गईं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीसी प्रदीप कुमार ने कहा कि समाधान शिविर सरकार की जनहितकारी सोच का प्रभावी माध्यम हैं जो प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता बरती जाए तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में राजस्व, विकास, बिजली, अवैध कब्जे, सामाजिक कल्याण और अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं। गांव ईगराह निवासी रीता ने घर के सामने पानी की लीकेज तथा मकान को हुए नुकसान के संबंध में सहायता की मांग की। गांव मनोहरपुर निवासी ओमप्रकाश ने अवैध कब्जा हटवाने की शिकायत दर्ज कराई। गांव हरनामपुरा की विमला ने अनुदान राशि मिलने में हो रही देरी का मामला उठाया।
रोहतक रोड निवासी मांगे राम ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जबकि गांव खरक रामजी निवासी सिकंदर ने परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी संशोधन की मांग रखी। एडीसी ने सभी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी सरकार के निर्देशों का गंभीरता से पालन करें तथा शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।