संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। सुरबरा गांव में रविवार को संत शिरोमणि सतगुरु कबीर साहेब के 629वें प्रकट दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने 10वीं और 12वीं कक्षा में मेरिट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं होते, वे सर्वसमाज के होते हैं। महापुरुषों की जयंती राज्य स्तर पर मनाने की शुरुआत भाजपा के 2014 में सत्ता में आने के बाद हुई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का बिना नाम लिए विधायक ने कहा कि एक परिवार उचाना में 40 वर्षों से राजनीति करता आ रहा है। कभी मुख्यमंत्री तो कभी अन्य सपने दिखाकर हलके के लोगों को गुमराह करता रहा। हलके के लोगों ने साहस दिखाते हुए एक साधारण परिवार के बेटे को आशीर्वाद देकर विधानसभा भेजा। इस परिवार को आज भी थोड़ा वहम है, जिसे अगले चुनाव में मतदाता दूर कर देंगे।
उन्होंने कहा कि आज भी वे घमंड और अहंकार में हैं। उचाना के लोग गर्दन का सरिया जल्दी निकालते हैं। इन लोगों ने तानाशाह बनकर काम किया। पहले परिस्थितियां क्या थीं, यह सभी जानते हैं। लोगों को अपने काम के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह पूरी तरह शून्य हो चुका है। राहुल गांधी की बातों को देश की जनता गंभीरता से नहीं लेती। विधायक ने भंडारे में जमीन पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर पर प्रो. जयनारायण, सुनील दत्त, राममेहर सुलहेड़ा, राजबीर इंदौरा, सरपंच रामनिवास, प्रिंसिपल शमशेर, साधुराम गुरुकुल खेड़ा, संजय चहल, रोहताश खटकड़, रमेश राणा व अन्य मौजूद रहे।