25जेएनडी11: हुडा मार्केट में ग्रैप चार के नियमों की अनदेखी कर चलाया जा रहा निर्माण। संवाद
जींद। ग्रैप-4 नियमों की अवहेलना कर बस अड्डे पर चल रहे निर्माण को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई की है। टीम ने एक लाख पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया है। अमर उजाला ने 25 नंवबर के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसकी सूचना पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने संज्ञान लिया और मौके का निरीक्षण किया। इसके अलावा सोमवार को धान अवशेष जलाने की 7 लोकेशन कृषि विभाग को सैटेलाइट से मिली है।
जिले में एक्यूआई का स्तर रविवार को कुछ हद तक कम हुआ था, लेकिन सोमवार को 360 पर पहुंच गया। जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व नगर परिषद की पांच टीम लगातार काम कर रही हैं। नगर परिषद की टीम ने भी शहर की कालोनियों में चल रहे निर्माण कार्यों पर रोक लगवाई। मकान मालिकों को ग्रैप-4 में बंद होने वाले निर्माण के बारे में जानकारी दी। कृषि विभाग के अधिकारी भी लगातार किसानों को धान के अवशेष नहीं जलाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसके बावजदू भी प्रतिदिन किसान धान के अवशेष जलाकर वायु प्रदूषण बढ़ा रहे हैं। नगर नगर परिषद की ढीली कार्रवाई के चलते शहर में जिस गति से निर्माण चल रहे हैं। वह रुकवाए नहीं जा रहे। अक्सर सरकारी भवनों व सार्वजनिक स्थलों पर ही ज्यादा निर्माण चला हुआ है। इनको रुकवाने में नगर परिषद लगातार पिछड़ रहा है। सोमवार को भी हुडा ग्राउंड में शहीदी समारक के पीछे निर्माण कार्य चला हुआ है।
आज खुले स्कूल
जिले में सोमवार को डीसी के निर्देर्शो पर स्कूल खोले गए थे, लेकिन बीते दो दिन एक्यूआई में कुछ हद तक राहत मिली थी। इसके बावजूद सोमवार को फिर से एक्यूआई 360 पर पहुंच गया। जिले में ग्रैप-4 के नियमों की लगातार हो रही उल्लघंना के कारण एक्यूआई के स्तर में सुधार नहीं हो रहा। इसका सबसे बड़ा कारण निर्माण कार्य न रुकना, धान के अवशेष जलाना और लोगों द्वारा वाहनों का अधिक प्रयोग करना है।
भिवानी रोड पर रबड़ की फैक्टरी में लगी आग ने घोटा दम
भिवानी रोड पर रविवार को रबड़ की फैक्टरी में आग लग गई। इससे निकले जहरीले धुएं ने लोगों का दम घोट दिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 15 गाड़ियों में लगभग 10 घंटे तक मशक्कत की। इस आगजनी के कारण लाखों रुपये की मशीनरी जल गई। इसके कारण आसपास की कालोनियों में फैले धुएं ने लोगों की बड़ी परेशानी बढ़ाई।
वर्जन
जिले में ग्रैप 4 के नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम सख्त कार्रवाई कर रही है। बस अड्डे पर नियमों की अनदेखी कर निर्माण करने वाली एक संस्था पर जुर्माना लगाया है। इससे पहले भी तीन संस्थानों पर लगभग सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
अश्वनी धीमान क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ।