जींद। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने तीन लाख दस हजार रुपये हड़प लिए। गढ़ी थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धमतान साहिब निवासी सुखदेव ने पुलिस को दी शिकायत मे बताया कि उसकी मुलाकात लगभग दो साल पहले गांव काकड़ोद निवासी राजदीप से हुई। उसने बातचीत के दौरान बताया कि उसकी अधिकारियों से अच्छी जान पहचान है। कोई जानकार है तो वह कौशल रोजगार निगम के तहत नौकरी लगवा देगा। बेरोजगार होने के चलते उसे खुद को नौकरी लगवाने के लिए कहा। इसके चलते आरोपी ने उससे तीन लाख दस हजार रुपये ले लिए। दो साल तक नौकरी न लगने पर उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपी आना कानी करने लगा। जब वह आरोपी के घर रुपए मांगने गया तो आरोपी ने उसे झूठे मुकदमे मे फंसाने की धमकी दी।