27जेएनडी02-संदीप रंगा, राज्य उपप्रधान, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ।
जींद। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान जगदीप लाठर और राज्य उप प्रधान संदीप रंगा ने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की काफी मांगें हैं, जो लंबे समय से लंबित पड़ी हुई हैं। साझा मोर्चा की कई बार उच्च अधिकारियों और मंत्री से बात भी हुई, परंतु हर बार कहा कुछ और जाता है और किया कुछ और जाता है।
बात चाहे कर्मचारियों के अर्जित अवकाश की हो या चालक परिचालक के पे ग्रेड की हो, रात्रि ठहराव भत्ते की हो या वर्कशॉप में पक्की भर्ती की हो या मेडिकल कैशलैस की हो, उनकी मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ऐसा ही 2016 के चालकों के साथ हुआ है।
वह लगभग दस साल से विभाग में ईमानदारी से ड्यूटी करते आ रहे हैं, परंतु सरकार ने अभी तक उनको पक्का नहीं किया। इन दस सालों के दौरान अपने परिवार की भी परवाह किए बगैर अपनी ड्यूटी को तवज्जो देते हुए काम किया। बात चाहे विभाग हित की हो या कोई प्राकृतिक आपदा की, इन चालकों ने हमेशा से ही अग्रिम पंक्ति में रहकर काम किया है।
साझा मोर्चा के मांग पत्र में भी हर बार इस इस बात को प्रमुखता से उठाया जाता है। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ सरकार से मांग भी करता है इन चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का किया जाए।