पत्रकारों से बातचीत में अभय चौटाल ने जजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग चौधरी देवीलाल की नीतियों की बात करते हैं, वे उनके नाखून के बराबर भी नहीं हैं। प्रदेश सरकार का दावा है कि हर तीन किलोमीटर पर एक अनाज मंडी बनी है। यह कोरा झूठ है। किसान को गेहूं बेचने के लिए आज भी 10 से 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
वहीं सरकार ने सात निजी बैंकों में किसानों के खाते खुलवाने को कहा है। इसमें कमीशन का खेल है। अभय चौटाला ने कहा कि जिन बैंकों की गांवों में शाखाएं तक नहीं हैं, उनमें खाते खुलवाए जा रहे हैं। किसान का खाता आढ़ती के पास होता है और इसे सरकार बंद करना चाहती है।
पुरानी पद्धति पर गेहूं खरीदे सरकार या कुर्सी छोड़ें मुख्यमंत्री : सुरजेवाला
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नरवाना अनाज मंडी का दौरा किया। मंडी में आढ़़तियों, किसानों और मजदूरों से बात की। पत्रकारों से बातचीत में सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार गेहूं खरीद के मामले में विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि जब किसान और आढ़ती गेहूं खरीदने की पुरानी पद्धति को लागू रखना चाहते हैं तो सरकार क्यों उनके सामने परेशानी खड़ी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार पुरानी पद्धति पर गेहूं की खरीद शुरू करे या मुख्यमंत्री मनोहर लाल कुर्सी छोड़कर सत्ता से बाहर जाएं। जींद जिले का किसान और आढ़ती परेशान है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दावा कर रहे हैं कि सब ठीक चल रहा है।