जींद। एडीसी विवेक आर्य ने बताया कि अनाज मंडी जींद, नरवाना, पिल्लूखेड़ा, उचाना, जुलाना व सफीदों में सरसों की निरंतर खरीद की जा रही है। उन्होंने किसानों व आढ़तियों की समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को समाधान के संबंध में निर्देश दिए हैं कि मंडी में फसल बिक्री में कोई समस्या आड़े नहीं आने दें।
उन्होंने कहा कि गत दिवस तक सरकारी खरीद एजेंसी हैफेड और हरियाणा वेयर हाउसिंग की ओर से 2855.1 मीट्रिक टन सरसों की खरीद की गई। सरकार की ओर से सरसों का सरकारी रेट निर्धारित किया गया है।
कोई भी किसान मंडी में आकर अपनी फसल टोकन कटवा कर बेच सकता है। उन्होंने बताया कि गत दिवस तक जींद अनाज मंडी में 661.60 मीट्रिक टन सरसों की खरीद की गई। इसी प्रकार नरवाना अनाज मंडी में 215.75 मीट्रिक टन, पिल्लूखेड़ा अनाज मंडी में 114.15, उचाना अनाज मंडी में 930, जुलाना अनाज मंडी में 776 और सफीदों अनाज मंडी में 157.60 मीट्रिक टन सरसों की खरीद की गई है। उन्होंने बताया कि इस खरीद में से 2450.6 मीट्रिक टन सरसों का उठान कार्य पूरा कर लिया गया है।