नागरिक अस्पताल में मंगलवार को सुबह आठ बजे से दस बजे तक दो घंटे स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल रखेंगे। इस दौरान टीकाकरण नहीं होगा। इसके अलावा लोग टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन भी नहीं करा सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी तालमेल कमेटी व स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को दो घंटे कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
कमेटी के जिला संयोजक बलबीर श्योराण, मुख्य सलाहकार राजबीर बेरवाल तथा स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन के जिला संयोजक सोनू बूरा ने कहा कि नागरिक अस्पताल में आउटसोर्स के माध्यम से भ्रष्टाचार हो रहा है।
आउटसोर्स एजेंसी ने 42 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है तथा 60 कर्मचारियों के स्थान व पद बदल दिए हैं। साथ ही एजेंसी प्रतिनिधि पैसे लेकर अस्पताल में नौकरी दिलाते हैं। सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामफल दलाल ने कहा कि आउटसोर्स एजेंसी प्रतिनिधि कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रहे हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।