03 सफीदों : घर में बिखरे सामान को दिखाते हुए साहिल व उसकी मां व मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस क
सफीदों। सिंघाना गांव में चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर अलमारी व संदूक से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। घटना की शिकायत पुलिस को दी गई है।
गांव सिंघाना निवासी साहिल ने बताया कि वह सोमवार को मकान पर ताला लगाकर अपने मामा के यहां गांव सीसर में शादी समारोह में गए थे। अज्ञात चोर घर में घुस गए और अलमारी व संदूक का ताला तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
साहिल ने बताया कि चोर दो सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, रानी हार, बच्चों की चांदी की कई जोड़ी छोटी चूड़ियां और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें चोरी की सूचना दी। इसके बाद वह घर पहुंचे।
जांच अधिकारी चंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने पर घर का मुआयना किया गया। अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।