कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर सोने की अंगूठी, 800 रुपये की ठगी
बेटी का रिश्ता करवाने का लालच देकर की गई ठगी, मोबाइल भी ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। दो महिलाओं ने अपने बेटियों का रिश्ता करने की बात कहकर बाजार में जूते पालिश करवा रहे गुलकनी निवासी व्यक्ति से सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, चांदी का छल्ला और 800 रुपये ठग लिए। महिलाओं ने ठगने से पहले व्यक्ति को अपनी बातों में उलझाया फिर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात की। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में गुलकनी निवासी प्रह्लाद सिंह ने बताया कि वह 27 मई को बाजार में किसी काम से गया था। इस दौरान वह जूतों पर पालिश करवाने लगा तो वहां पर दो महिलाएं आईं और उनको बातों में उलझाकर अपनी दो बेटियों का रिश्ता करवाने की बात कही। इस पर उसने अपने नाती के साथ रिश्ता करवाने की बात कही तो महिलाओं ने उसे कहा कि यहां पर शोर ज्यादा है। इसलिए वह बाजार के नजदीक ही एकांत में बैठ गए और महिलाओं ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। जब उसको होश आया तो उसकी सोने की अंगूठी, चांदी का छल्ला, मोबाइल फोन और 800 रुपये की नकदी गायब पाया। शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि धोखाधड़ी कर ठगी करने के आरोप में दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।