संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। विद्यालय शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को जिलास्तरीय ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने वाटर कलर, पोस्टर कलर, ऑयल पेस्टल, चारकोल पेंसिल और कलर पैलेट का उपयोग कर वारली आर्ट, कैलिग्राफी, स्टिपलिंग, डूडलिंग और मांडना आर्ट जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी कला प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में विजेता छात्रों को प्रमाण-पत्र दिए।
जिलास्तर से शीर्ष चार प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा जिनमें से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा की प्रविष्टि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजी जाएगी। राज्यस्तर की प्रतियोगिता पांच दिसंबर को आयोजित होगी, जहां सभी जिलों की प्रथम स्थान प्राप्त 22 छात्राओं में से टॉप तीन का चयन राज्यस्तरीय कमेटी की ओर से किया जाएगा।
जिला सांस्कृतिक समन्वयक सीमा मलिक ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए। विजेता छात्राओं के नाम महिला एवं बाल विकास विभाग को भेजे जाएंगे ताकि प्रक्रिया पूरी की जा सके।
जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं की कला प्रतिभा को आगे बढ़ाना और उन्हें राज्यस्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करना है। जिलास्तरीय प्रतियोगिता के मेधावी विद्यार्थी अब राज्यस्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे।प्रतियोगिता में डीपीसी रितु पंघाल भी शामलि रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या अनीता सांगवान ने की। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका दीपक कौशिक, प्रदीप, नवीन और विक्की कुमार ने निभाई।