नरवाना। पंजाबी चौक स्थित श्री गीता मंदिर में 32वें वार्षिक उत्सव और भंडारे के अवसर पर चार दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ वीरवार को हुआ। आयोजन श्री गीता मंदिर प्रबंधक कमेटी ने किया है।
श्री श्री 1008 स्वामी मुक्तानंद महाराज के सानिध्य में कार्यक्रम हो रहा है। पहले दिन कथा व्यास श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी करुणागिरि महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनश्याम नागपाल उपस्थित रहे। अध्यक्षता कमेटी के सरपरस्त संतलाल सेतिया, प्रधान अशोक नागपाल व सचिव अशोक कक्कड़ ने की।
साध्वी करुणागिरि महाराज ने सत्संग की शुरुआत संगीतमय भजन ‘हमारे सर पर जब तक रघुनाथ, हमें किस बात की चिंता’ से की, जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इसके बाद प्रवचन देते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य को सत्संग के पावन क्षण कई जन्मों के पुण्य फल से प्राप्त होते हैं। भगवान की कृपा जिस जीव पर होती है, वह भवसागर से पार हो जाता है।
बताया कि भगवान वहीं निवास करते हैं, जहां भक्त एकत्र होकर उनके नाम का कीर्तन करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, सत्कर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर संतलाल सेतिया, अशोक नागपाल, अशोक कक्कड़, संजय मेहता, नरेंद्र कुकरेजा, प्रिंस रावल, राजकुमार, सज्जन मित्तल, उमेश रहेजा, देशराज माटा, श्याम मिगलानी, विमल गोयल मौजूद रहे।