सफीदों। शहर में कूड़ा निस्तारण के लिए स्थायी डंपिंग प्वाइंट नहीं मिलने से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले करीब तीन माह से शहर के अधिकांश इलाकों में कूड़े के ढेर लगे हैं। गलियों, सड़कों और बाजारों में बदबू फैलने लगी है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
शहर निवासी मनोज, कपिल, सुशील, राजवीर और गजेंद्र ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित होने के बाद लोगों ने घरों का कचरा सड़कों और खाली जगहों पर डालना शुरू कर दिया। अब शहर का शायद ही कोई हिस्सा बचा हो जहां कूड़े के ढेर दिखाई न देते हों।
नगर पालिका कार्यालय के बाहर, महात्मा गांधी रोड और अन्य प्रमुख स्थानों पर कूड़ा सड़ रहा है। इससे दुकानदारों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगर पालिका ने पहले कूड़ा डंपिंग के लिए चार स्थान चिह्नित किए थे। कुछ जगहों पर एक-दो दिन तक कूड़ा डाला भी गया। हालांकि आसपास के लोगों ने बदबू और आवारा पशुओं की समस्या का हवाला देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया और सभी प्रस्तावित जगहों पर स्टे ले लिया। नतीजतन नगर पालिका के सामने कूड़ा निस्तारण की नई चुनौती खड़ी हो गई और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई।
नंदीशाला के पीछे जमीन पर टिकी उम्मीद
अब नगर पालिका की नजर जींद रोड स्थित श्री गणेश नंदीशाला के पीछे खाली पड़ी जमीन पर है। तीन दिन पहले नपा सचिव आशीष स्वामी, एमई सुरेश लोहान और सेनेटरी इंस्पेक्टर कर्मबीर बुलडोजर के साथ वहां अवैध कब्जा हटाने पहुंचे थे लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी और टीम को वापस लौटना पड़ा।
ठेका खत्म, फिर भी पुरानी एजेंसी के भरोसे सफाई
शहर में सफाई का ठेका पिछले वर्ष 15 अगस्त को समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुरानी एजेंसी को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है। ठेकेदार के पास 78 कर्मचारी हैं, जबकि नगर पालिका के पास 31 कर्मचारी कार्यरत हैं। सफाई कार्य के लिए 20 ट्रैक्टर-ट्रॉली व टीपर, एक जेसीबी, एक लोडर और 37 रेहड़ियां उपलब्ध हैं। नगर पालिका हर माह सफाई व्यवस्था पर करीब 15 लाख रुपये खर्च कर रही है। इसके बावजूद कूड़ा निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
बाक्स
नगर पालिका कूड़ा डंपिंग प्वाइंट के लिए नई जमीन की तलाश कर रही है। जमीन उपलब्ध होते ही एक-दो दिन के भीतर पूरे शहर से जमा कूड़े का उठान करवा दिया जाएगा।
-कर्मवीर, मुख्य सफाई निरीक्षक सफीदों।
फोटो कैप्शन
01 सफीदों : सफीदों में नपा कार्यालय व महात्मा गांधी रोड पर लगा कूड़े का ढेर। संवाद
02 सफीदों : महात्मा गांधी रोड के मोड़ पर लगा कूड़े का ढेर। संवाद
फोटो कैप्शन 01 सफीदों : नपा कार्यालय के सामने लगा कूड़े का ढेर। संवाद