उचाना। जिले के करसिंधु, खरकभूरा, अलीपुरा और गुरुकुल खेड़ा गांवों के खेतों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज किसान सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर बिजली निगम कार्यालय पहुंचे। किसानों ने पावर हाउस पर ताला जड़ दिया और संबंधित बिजली फीडरों को बंद करवा दिया। इस कारण करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
किसानों ने प्रशासन और बिजली निगम के खिलाफ जमकर रोष जताया। पावर हाउस पर ताला लगाए जाने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी चंद्रपाल, चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओ जोजो और पुलिस प्रशासन ने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बाद में नरवाना के एक्सईएन जोगिंद्र कौशिक ने किसानों से बातचीत कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित लाइनमैन को तत्काल प्रभाव से बदलने को कहा। इसके बाद किसान ताला खोलने के लिए तैयार हुए।
लिखित शिकायतें दी लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ
किसान कपिल ने बताया कि तीन महीनों से खेतों की बिजली आपूर्ति बाधित है। इस संबंध में एसडीएम, एसडीओ और एक्सईएन को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नए इंचार्ज और जेई तो लगाए जाते हैं लेकिन लाइनमैन की नियुक्ति नहीं होने से बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बिजली नहीं मिलने से फसलें सूख रही हैं और खेतों में रहने वाले लोगों व पशुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसान अजीत ने कहा कि बिजली की तारें टूटी हुई हैं और कई खंभे गिरे हुए हैं लेकिन निगम उनकी सुनवाई नहीं कर रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।
लाइनमैन नहीं उठाते फोन, शिकायत करने पर देते हैं धमकी
किसान वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि लाइनमैन फोन तक नहीं उठाते और शिकायत करने पर कार्रवाई की धमकी देते हैं। उन्होंने कहा कि आठ जून को भी किसान एक्सईएन से मिले थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वर्जन
हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में दो हजार बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे कई लाइनें प्रभावित हुई हैं। अलीपुरा में नए पोल लगाकर बिजली लाइन चालू कर दी गई है। किसानों की मांग पर अलीपुरा के लिए अलग फीडर की व्यवस्था की गई है और जिस लाइनमैन पर आरोप लगाए गए थे उसकी जगह दूसरे लाइनमैन की नियुक्ति कर दी गई है।
-जोगेंद्र सिंह, एक्सईएन, बिजली निगम नरवाना
फोटो 22जेएनडी21-पावर हाऊस उचाना मंडी के गेट को ताला लगाकर बैठे ग्रामीण। स्रोत किसान