गांव बीबीपुर के खेतों में तीन युवकों ने फेसबुक फ्रेंड से सामूहिक
दुष्कर्म किया, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने महिला का
मेडिकल कराया है। सदर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीन युवकों के
खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी 21 वर्षीय एक महिला ने लगभग तीन माह पहलेे जींद निवासी एक युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। इसी दौरान महिला की शिवपुरी कॉलोनी निवासी रामनिवास उर्फ राज फौजी से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। महिला ने बताया कि रामनिवास के साथ फेसबुक पर अक्सर चैटिंग होती थी। 16 जून को उसका पति कार्य के लिए बाहर गया हुआ था।
इस दौरान रामनिवास से फेसबुक पर चैटिंग हो रही थी तो उसने फिल्म दिखाने को बोला जिससे वह उसके झांसे में आ गई। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान वह मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव बीबीपुर के खेतों में बने कमरे में ले गया। जब तक वह पूरे मामले को समझ पाती, इसी दौरान दो युवक मौके पर पहुंच गए। जहां पर रामनिवास तथा बीबीपुर के एक युवक ने उसके साथ जबरदस्ती दुराचार किया। तीसरे युवक ने उसके साथ दुराचार करने का प्रयास किया, लेकिन उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इस पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की। बाद में उसे खेतों में ही छोड़कर फरार हो गए। बाद में उसने अपने पति से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर शिवपुरी कॉलोनी निवासी रामनिवास उर्फ राज फौजी को और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ सामूहिक दुराचार का मामला दर्ज किया है।
महिला की शिकायत उनके पास आई है। उसके बयान दर्ज कर लिए है और मेडिकल कराया गया है। महिला ने एक व्यक्ति का नाम बताया है, जबकि दो को यह जानती नहीं है। तीनों के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-कमलेश, एएसआई और मामले की जांच अधिकारी