नरवाना रोड पर कार सवार दो युवक एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में घुसकर दस लाख की नकदी लेकर फरार हो गए। जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया, तब कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था। घटना की सूचना पाकर डीएसपी धर्मबीर पूनिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने नाकाबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नरवाना रोड के विश्वकर्मा कॉलोनी में गांव खटकड़ निवासी नरेंद्र ने प्रॉपर्टी की डीलिंग के लिए कार्यालय बनाया है। मंगलवार देर शाम को कार्यालय के शीशे बंद कर नरेंद्र जेसीबी लगी साइट पर चला गया। पीछे से कार सवार दो युवक कार्यालय पहुंचे और दुकान के शीशे तोड़कर अंदर घुस गए। युवकों ने कार्यालय में रखे दस लाख रुपये की नकदी निकाल ली और नरवाना की तरफ फरार हो गए।
पड़ोस के एक दुकानदार ने फोन पर नरेंद्र को इसकी सूचना दी। पड़ोसी मिस्त्री संजय ने बताया कि सफेद रंग की कार में दो युवक कार्यालय पहुंचे थे। जब उन्होेंने शीशा तोड़ा तो आवाज सुनकर उसने दुकान की तरफ देखा था। एक युवक अंदर से थैला उठाकर बाहर आया और कार में बैठकर फरार हो गया। नरेंद्र खटकड़ ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना पाकर डीएसपी धर्मबीर पूनिया और शहर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी की लेकिन लुटेरों का कोई पता नहीं चला।