जींद। नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर जननायक जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजेंद्र नायडू ने आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में विकास कार्यों के नाम पर बिना आवश्यकता के पैसा खर्च किया जा रहा है। शहर की कई मोहल्लों की गलियां आज भी कच्ची पड़ी हैं और लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। इसको लेकर वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे।
विजेंद्र नायडू ने बताया कि शहर के एसडी स्कूल मार्केट क्षेत्र में पहले से बनी पक्की गली को उखाड़कर दोबारा टाइलें लगाई जा रही हैं जबकि इसकी कोई आवश्यकता नहीं थी। यह केवल सरकारी बजट खर्च दिखाने और ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास है। यदि यही राशि शहर की कच्ची गलियों के निर्माण पर खर्च की जाती तो उसका वास्तविक सदुपयोग होता।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटों के तार भी उखाड़ दिए गए जिससे अब क्षेत्र में अंधेरा छाने की आशंका बनी हुई है। शहरवासी बिजेंद्र नायडू के अलावा अजय मलिक, लक्ष्य सहित अन्य का कहना है कि यह कार्य जनहित में नहीं बल्कि फंड के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का उदाहरण है। शहर की कई कॉलोनियों में गलियां वर्षों से नगर परिषद का ध्यान वहां नहीं जा रहा है। इस मामले का लेकर
वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे और मांग करेंगे कि पहले से बिछी टाइलों को उखाड़ने के कारणों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही इस मामले में शामिल अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।