जींद। जवाहर नगर निवासी वकील जितेंद्र दत्त अत्री से पानीपत जिला के अहर निवासी दो भाइयों बलवान और सोहन द्वारा अमेरिका भेजने के नाम पर 40 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जितेंद्र दत्त ने डीआईजी अश्विन शैणवी को दी शिकायत में बताया कि वह वकील है और जिला कोर्ट में बैठता है। उन्होंनेे बताया कि उसके पैतृक गांव ढाठरथ में जिला पानीपत के अहर गांव निवासी बलवान और सोहन की बहन की शादी हुई है। इसके माध्यम से उनकी इन दोनों भाइयों से अच्छी जान पहचान हुई। उन्होंने बताया कि वह भारत से अमेरिका में लगभग 600 युवकों को भेजकर नौकरी लगवा चुका है। इसलिए तुम यहां पर वकालत करते हो। इसलिए आपको अमेरिका भेजकर लीगल एडवाइजर लगवा सकता है। वहां भेजने के लिए 40 लाख रुपये खर्च आएंगे। विदेश में लीगल एडवाइजर लगने के लिए उन्होंने बलवान और सोहन को 18 फरवरी 2017 से 15 मई 2017 के मध्य बैंक के माध्यम से तथा नकद 40 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद उन्होंने उसकी टिकट बनवाकर एक मई को उसे अमेरिका ले जाने के लिए एयरपोर्ट ले गए। वहां पर उसने टिकट देखी तो टिकट टोकियो की मिली। इस पर उसने कहा कि उसे तो अमेरिका ले जाना था तो जापान जाने की टिकट क्यों ली है। इस पर वे बोले कि वह तो जापान ही भेजते हैं। इसके बाद उसको बहला-फुसलाकर जापान ले गए। वहां कमरे पर जाकर देखा तो टिकट वापसी की भी थी। वह तुरंत वहां से वापस भारत आ गया। जब आकर उनको राशि देने को कहा तो उन्होंने वापस राशि देने से साफ मना कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई विरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने बलवान और सोहन लाल के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि हड़पने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।