फोटो 27जेएनडी01-जुलाना क्षेत्र के निजी स्कूलों में जाकर बसों की जांच करती आरटीएम की टीम। स्रोत
जींद। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम ने वीरवार को जुलाना क्षेत्र में स्कूली बसों की जांच के लिए अभियान चलाया। टीम ने चार स्कूलों में 14 बसों की जांच की। जांच के दौरान सभी बसों में निर्धारित सुरक्षा मानक पूरे मिले। इसके चलते किसी भी बस का चालान नहीं किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम द्वारा प्रत्येक वीरवार को जिले में स्कूली बसों की जांच की जाती है। इससे पहले 20 अगस्त को सफीदों और पिल्लूखेड़ा क्षेत्र के पांच स्कूलों में 18 बसों की जांच की गई थी। इस दौरान फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य कमियां मिलने पर तीन बसों को इंपाउंड किया गया था और कुल दो लाख 58 हजार रुपये के चालान किए गए थे। वहीं, 13 अगस्त को जुलाना के तीन स्कूलों में सात बसों की जांच हुई थी। सभी बसों में मानक पूरे मिलने पर कोई चालान नहीं किया गया था।
चार सदस्यीय टीम करती है बसों की जांच
स्कूली बसों की जांच के लिए जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय, ट्रैफिक पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें परिवहन कार्यालय से इंस्पेक्टर व एमवीआई, ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एक प्रतिनिधि शामिल होता है। टीम बसों में रिफ्लेक्टर, फायर सिलिंडर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करती है। चालक व परिचालक के लाइसेंस, बस का परमिट और चालक के हैवी लाइसेंस समेत जरूरी दस्तावेज भी जांचे जाते हैं।
वर्जन
स्कूली बसों की जांच के लिए हर वीरवार अभियान चलाया जाता है। इस सप्ताह जुलाना क्षेत्र के चार स्कूलों में 14 बसों की जांच की गई। सभी बसों में निर्धारित मानक पूरे मिले, इसलिए किसी बस का चालान नहीं किया गया।
-बलजीत सिंह, निरीक्षक, जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय जींद