पहली बार आयोजित होने वाली महिला हॉकी इंडिया लीग में हरियाणा का जलवा रहेगा। लीग की चारों टीमों की कप्तान प्रदेश की खिलाड़ी हैं। इससे काेई भी टीम लीग में विजेता रहे जीत का ताज हरियाणवी खिलाड़ी के सिर पर ही सजेगा। लीग में प्रदेश की 18 खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन करने को बेताब हैं। महिला लीग 12 जनवरी से झारखंड के रांची में शुरू हो रही है। इसमें चार टीमों में विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग लेंगी। लीग में पहला मुकाबला दिल्ली व ओडिशा की टीम के मध्य होगा।
महिला हॉकी इंडिया लीग में चार टीमें श्राची रार बंगाल टाइगर्स, दिल्ली एसजी पाइपर्स, सूरमा हॉकी क्लब व ओडिशा वारियर्स शामिल हैं। इसमें प्रदेश में सोनीपत की सबसे अधिक 11 खिलाड़ी भाग लेंगी। साथ ही हिसार की पांच, सिरसा व कुरुक्षेत्र की एक-एक खिलाड़ी रहेंगी। लीग में हिसार के न्यू पुलिस लाइन निवासी 26 वर्षीय भारतीय फील्ड हॉकी खिलाड़ी उदिता श्राची रार बंगाल टाइगर्स की टीम की कमान संभाल रही है। साथ ही दिल्ली एसजी पाइपर्स की टीम की कप्तान कुरुक्षेत्र के शाहबाद मारकंडा की नवनीत कौर हैं। सूरमा हॉकी क्लब की टीम की कप्तान सिरसा के गांव जोधका निवासी ओलंपियन सविता पूनिया हैं। वहीं, सोनीपत के वेस्ट राम नगर निवासी ओलंपियन नेहा गोयल ओडिशा वारियर्स की कप्तान हैं। महिला लीग में प्रदेश के विभिन्न जिलों की 18 खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें हिसार निवासी अर्जुन अवार्डी दीपिका ठाकुर को दिल्ली एसजी पाइपर्स में शामिल हैं। हिसार की सोनिका टांडी व अन्नू ओडिशा वॉरियर्स की टीम में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। वहीं, हिसार की शर्मिला देवी सूरमा हॉकी क्लब में शामिल हैं।
सोनीपत की 11 खिलाड़ी दिखाएंगी प्रतिभा
सोनीपत के जवाहर नगर की ज्योति रुमावत व निधि सूरमा हॉकी क्लब में शामिल हैं। वहीं, मनीषा, इशिका व शिल्पी डबास दिल्ली एसजी पाइपर्स में शामिल हैं। ओलंपियन नेहा गोयल, निशा वारसी, साक्षी राणा, कनिका सिवाच व नंदिनी ओडिशा वारियर्स की टीम की तरफ से खेलेंगी। महिमा चौधरी शरांची रार बंगाल टाइगर्स में शामिल हैं। द्रोणाचार्य अवार्डी प्रीतम सिवाच ने बताया कि महिला हॉकी लीग देश व जिले की खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने व सीखने का एक स्वर्णिम अवसर है। उनकी अकादमी की 11 खिलाड़ी लीग में शामिल हैं।
खोली में शांतनु का स्वागत करते कांग्रेस कार्यकर्ता। -संवाद