नागरिक अस्पताल में आए मृतकों के परिजन।
- फोटो : Jind
तीन सड़क हादसों में सोमवार रात को चार लोगों की मौत हो गई। इसमें कंडेला गांव के पास शाहपुर निवासी नरेंद्र की कार की चपेट में आने से मौत हुई तो खांडा गांव के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने पर बाइक सवार सर्फली खेड़ी निवासी 35 वर्षीय हरविंद्र तथा 45 वर्षीय निवासी मेहर सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा सिंधवीखेड़ा निवासी 39 वर्षीय पूर्व सैनिक विनोद की अनूपगढ़ गांव के पास वाहन का इंतजार करते समय रात लगभग 12 बजे कार की चपेट में आने से मौत हो गई। सिंधवी खेड़ा निवासी 39 वर्षीय विनोद खरेंटी गांव में अपनी बुआ से मिलने के लिए सोमवार सुबह में गया था। देर रात उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर वह सिंधवीखेड़ा लौट रहा था। जब वह किसी वाहन में बैठकर अनूपगढ़ गांव पहुंचा तो वहां पर गांव सिंधवी खेड़ा जाने के लिए सड़क के किनारे खड़े होकर अन्य वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात कार चालक ने उसको सीधे टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। विनोद 31 दिसंबर को ही आर्मी से रिटायरमेंट लेकर आया था।
सर्फली खेड़ा निवासी दो युवकों की बाइक ट्रॉली में टकराई
कैथल जिले के सर्फली खेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय हरविंद्र तथा 45 वर्षीय मेहर सिंह जींद में मैकेनिक का काम करते थे। वह दोनों एक बाइक पर सवार होकर सोमवार शाम लगभग साढ़े सात बजे खांडा गांव के पास पहुंचे तो सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें राहगीरों की मदद से शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने दोनोें को मृत घोषित कर दिया। यह हादसा अनियंत्रित होकर गेहूं की फसल में उतरी पिकअप को बचाने के प्रयास में हुआ। खांडा गांव निवासी दो युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव जा रहे थे। उनके सामने एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से गेहूं की फसल में उतर गई। चालक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने ट्रैक्टर को सड़क के किनारे रोककर पिकअप चालक को बचाने के लिए गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। अलेवा थाना पुलिस ने सर्फली खेड़ी निवासी गुरचरण की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर निवासी नरेंद्र की अज्ञात कार की चपेट में आने से गई जान
सोमवार देर रात को शाहपुर निवासी नरेंद्र जींद से अपने गांव शाहपुर जा रहा था। जब वह कंडेला गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को राहगीरों की सहायता से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में भी अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज
अनूपगढ़ तथा शाहपुर गांव के पास कार की चपेट में आने से हुई दो व्यक्तियों की मौत के मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
दिनेश कुमार सदर थाना प्रभारी जींद।