नशा तस्करी के अरोप में जेल में बंद हवालाती हवा सिंह की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने काफी देर तक हंगामा किया और जेल प्रशासन पर हत्या करने का आरोप लगाया। बाद में मजिस्ट्रेट शिवानी राणा ने परिजनों के सीआरपीसी 176 के तहत बयान दर्ज किया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जेल अधीक्षक संजीव बुधवार ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग पांच बजे हवा सिंह को सीने में दर्द की शिकायत हुई तो उसे दवा दी गई। दवाई देने के कुछ देर बाद फिर से उसे तेज दर्ज हुआ तो उसे अस्पताल भेजने की तैयारी की गई। इस बीच हवा सिंह बाथरूम गया, जिसमें वह गिर गया। उसे बाथरूम से उठाकर अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद कुरुक्षेत्र से हवा सिंह के परिजन भी नागरिक अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर के बाद मजिस्ट्रेट शिवानी राणा परिजनों के बयान दर्ज करने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंची।
हवा सिंह के पिता रघुबीर ने कहा कि उनकी शुक्रवार को दिन में 11 बजे बेटे से बात हुई थी। उस समय वह बिल्कुल ठीक था। उसके बेटे को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। अधिक मारपीट की वजह से उसकी से उसकी मौत हुई है। रघुबीर सिंह ने मजिस्ट्रेट से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने कहा कि पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगामी कार्रवाई होगी तथा मौत के असली कारणों का पता चलेगा।
इस मामले में था हवा सिंह जेल में
कुरुक्षेत्र के दीदार नगर निवासी 50 वर्षीय हवा सिंह को राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने 24 सितंबर को नरवाना के हरियल चौक से 286 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। हवा सिंह के साथ नरवाना की चमेला कॉलोनी निवासी कृष्ण को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों उसी समय से जेल में बंद हैं। 27 अक्तूबर को पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि जिस बाइक के साथ आरोपी पकड़े गए थे उस बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। इसके बाद दोनों के खिलाफ धारा 201 व 420 भी जोड़ दी गई थी। अब मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
नागरिक अस्पताल में पहुंचे हवा सिंह के परिजन। संवाद - फोटो : Jind