जींद। युवक का अपहरण कर बंधक बनाकर मारपीट करने व रुपये लूटने के मामले में शहर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोहरपुर निवासी रोहित, फतेहाबाद के कन्हेड़ी निवासी साहिल, जैन नगर निवासी कुश उर्फ सुशील, बीबीपुर निवासी रुस्तम जागलान के रूप में हुई है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में सत्यनारायण ने बताया था कि वह 23 अक्तूबर को रात लगभग साढ़े 9 बजे गोहाना बाईपास पर अपनी बहन के घर जा रहा था। जब वह फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा तो तुषार उर्फ बच्ची कृष्णा काॅलोनी निवासी व उसके साथ सात अन्य युवक आए और उसको एक गाड़ी में डालकर जींद हवेली के पीछे खाली प्लॉट में ले गए। वहां पर उसको डंडे से बुरी तरह से पीटा। आरोपी उसके पर्स से 7200 रुपये व दस्तावेज भी ले गए। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है।