जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले को लेकर आज पहली मेरिट लिस्ट जारी होगी। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार मेरिट लिस्ट में जगह पाने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच आईटीआई में फिजिकल वेरिफिकेशन के आधार पर होगी और विद्यार्थी 8 जुलाई तक अपनी फीस जमा करवा सकेंगे।
इसके बाद दूसरे राउंड के लिए 9 जुलाई को खाली सीटों की सूची जारी होगी। पोर्टल खुलने के बाद नौ से दस जुलाई तक विद्यार्थी ट्रेड में बदलाव कर सकते हैंं। 11 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी। जिन विद्यार्थियों का नाम दूसरी मेरिट लिस्ट में आएगा, वह विद्यार्थी 11, 12 और 14 जुलाई को आईटीआई में आकर फिजिकल वेरिफिकेशन के आधार पर दस्तावेजों की जांच करवा सकते हैं और 15 जुलाई तक विद्यार्थी फीस भर सकेंगे।
इसके बाद तीसरे राउंड के लिए खाली सीटों की सूची जारी होगी। 16 जुलाई से 19 जुलाई तक दोबारा से विभाग द्वारा पोर्टल खोला जाएगा, जिसमें विद्यार्थी अपने ट्रेड में बदलाव कर सकते हैं। इसके बाद 22 जुलाई को तीसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी। जिन विद्यार्थियों का नाम तीसरी मेरिट लिस्ट में आएगा, वह विद्यार्थी 26 जुलाई तक आईटीआई में आकर दस्तावेजों की जांच करवा सकते हैं और 27 जुलाई तक विद्यार्थियों के पास फीस भरने का समय रहेगा।
जिलेभर की 25 राजकीय और निजी आईटीआई में विभिन्न ट्रेड में 5484 सीटें हैं। इनमें नौ राजकीय आईटीआई में 2928 और 16 निजी आईटीआई में 2556 सीटें शामिल हैं। वहीं जींद की राजकीय आईटीआई में साढ़े सात हजार से ज्यादा आवेदन आए हैं। ऐसे में इस बार आईटीआई में दाखिले को लेकर होड़ लगी हुई है।
इस बार आईटीआई में दाखिले के लिए छात्र इसलिए भी आवेदन कर रहे हैं कि अग्निवीर योजना में जहां आईटीआई पास युवाओं को पांच नंबर की अतिरिक्त वेटेज दी जा रही है। इसके अलावा सेना, रेलवे में समय-समय पर भर्तियां निकाली जाती हैं, जिनमें आईटीआई कोर्स को प्राथमिकता दी जाती है।
बॉक्स
कॉलेज में यूजी कोर्स को लेकर आज लगेगी दूसरी मेरिट लिस्ट
कॉलेजों में यूजी कोर्स में पहली मेरिट लिस्ट के बाद सीट खाली रहने पर तीन जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी। जिन विद्यार्थियों का नाम दूसरी मेरिट लिस्ट में आएगा, वे चार जुलाई से लेकर सात जुलाई तक फीस भर सकेंगे। दो मेरिट लिस्ट के बाद भी अगर कॉलेजों में खाली सीट रह जाती है तो नौ जुलाई को फिजिकल काउंसलिंग शुरू होगी।
रजिस्ट्रेशन और विषयों में बदलाव को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा दस जुलाई को दोबारा से पोर्टल खोला जाएगा। 11 जुलाई से लेकर 17 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के साथ विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं। फिर 18 जुलाई से लेकर 24 जुलाई तक पहले वाले 100 रुपये लेट फीस और 100 रुपये हर रोज लेट फीस भरकर विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे।
बॉक्स
फीस जमा करवाकर दाखिला सुनिश्चित करें विद्यार्थी
आईटीआई में दाखिले को लेकर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा मेरिट लिस्ट का शेड्यूल जारी किया गया है। जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आएगा उन्हें चाहिए कि वह निर्धारित समय में फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित करें। आवेदन प्रक्रिया के दौरान आईटीआई में 7500 से अधिक आवेदन आए थे।
नरेश कुमार, प्राचार्य राजकीय आईटीआई जींद।