जींद। 35 दिन से बंद अंबाला-लुधियाना रेलवे ट्रैक बहाल हो गया है। सोमवार देर शाम को ट्रैक से ट्रेन गुजारी गई। जो ट्रेन दिल्ली-बठिंडा रेलवे ट्रैक पर चलाई जा रही थीं, वह अब अंबाला-लुधियाना ट्रैक से चलानी शुरू कर दी गई हैं। इससे दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर तैनात रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
वहीं दिल्ली-बठिंडा ट्रैक पर चलने वाली पांच पैसेंजर ट्रेनों को भी बहाल कर दिया है। अब ट्रेन अपने निर्धारित समय पर आवागमन करेंगी। इसको लेकर रेलवे ने नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। 04425-26 दिल्ली-नरवाना पैसेंजर ट्रेन, 04453-56 दिल्ली-जींद, 04987-88 जींद-दिल्ली, 04993-94 कुरुक्षेत्र-जींद, 04995-96 जींद-पानीपत ट्रेन मंगलवार से सुचारु रूप से चल पड़ी हैं।
इसके अलावा 14028-27 जींद-फिरोजपुर एक्सप्रेस और 04431 दिल्ली-जाखल पैसेंजर ट्रेन भी अपने निर्धारित रूट पर चलेंगी। इससे पहले दिल्ली-जाखल पैसेंजर ट्रेन जींद जंक्शन तक और जींद-फिरोजपुर एक्सप्रेस ट्रेन को जाखल से फिरोजपुर जंक्शन के बीच चलाया जा रहा था।
पिछले 34 दिन से शंभू बॉर्डर के पास अंबाला-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर किसान बैठे हुए थे। किसानों ने रेलवे ट्रैक पर धरना शुरू किया हुआ था। इसके कारण उस रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली सवारी और माल गाड़ियों का आवागमन दिल्ली-बठिंडा ट्रैक से किया जा रहा था। इन ट्रेनों को खड़ा करने के लिए भी ट्रैक खाली नहीं मिल रहे थे, क्योंकि हर समय सवारी या मालगाड़ी सभी ट्रैकों पर खड़ी रहती थीं। सवारी गाड़ियां काफी समय तक आउटर पर खड़ी रहती थीं। इससे वह समय पर नहीं पहुंच पाती थीं। इसका असर यात्रियों पर पड़ रहा था। यात्रियों को दिल्ली या पंजाब की तरफ जाने के लिए समय पर ट्रेन नहीं मिल रही थीं। दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग से रोजाना 140 से ज्यादा सवारी और माल गाड़ियां चलाई जा रही थीं। इसके कारण कई-कई घंटे सवारी गाड़ी प्लेटफार्मों पर खड़ी रहती थीं। इन पैसेंजर ट्रेनों के बहाल होने से दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि उनको जींद से आगे उचाना, नरवाना, टोहाना और जाखल जाने के लिए शाम के समय ट्रेन नहीं मिल पा रही थी।
35 दिन से बंद अंबाला-लुधियाना रेलवे ट्रैक खुल गया है। अब उस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। दिल्ली-बठिंडा रेलवे ट्रैक की पांच ट्रेनों को भी बहाल कर दिया गया है। फिरोजपुर-जींद और दिल्ली-जाखल पैसेंजर ट्रेन भी अपने निर्धारित स्टेशन तक आवागमन करेगी। -जयप्रकाश, रेलवे अधीक्षक, स्टेशन जींद
21जेएनडी07-रेलवे जंक्शन पर टे्रन के इंतजार में खड़े यात्री। संवाद- फोटो : संवाद