जींद। जिले में शुक्रवार को डेंगू के पांच नए मरीज मिले हैं। साथ ही, जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। लगातार बदलते मौसम और बढ़ते मच्छरों के प्रकोप के चलते संक्रमण का खतरा अभी भी बरकरार है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
जिले में शुक्रवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार तीन महिला व दो पुरूष डेंगू से संक्रमित मिले हैं। इसमें 30 वर्षीय युवक बीबीपुर गांव से, रिटौली गांव से 31 वर्षीय महिला, बैंड मार्केट से 28 वर्षीय युवक व सिवाहा गांव से एक 14 वर्षीय किशोर व 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट डेंगू से संक्रमण की मिली है।
अब स्वास्थ्य विभाग ने सभी डेंगू संक्रमितों का उपचार शुरू किया है। इनके घरों के आसपास स्वास्थ्य कर्मियों को फॉगिंग करवाने व बुखार से पीड़ितों के रक्त के सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं, ताकि डेंगू के बढ़ते प्रभाव को रोका जा सके। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने के लिए टीमों को जागरूकता अभियान तेज करने के भी निर्देश दिए हैं।
यह हैं डेंगू के लक्षण
डेंगू के शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, सिरदर्द, बदन दर्द, जोड़ों में दर्द, थकान, भूख न लगना और त्वचा पर लाल दाने शरीर पर होते हैं। समय पर उपचार न मिलने पर यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है और प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से गिरने लगती है। डेंगू के उपचार में मुख्य रूप से मरीज को आराम, तरल पदार्थों का अधिक सेवन, डॉक्टर द्वारा बताए गए बुखार की दवाएं और प्लेटलेट्स की नियमित जांच करवानी चाहिए।
वर्जन
जिले में डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए सघन फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। टीम जल भराव वाले क्षेत्रों की विशेष निगरानी कर रही हैं। -डॉ. बिजेंद्र ढांडा, नोडल अधिकारी मलेरिया