कैरखेड़ी गांव में जमीनी विवाद के चलते दो भाइयों पर खेत में लाठी व कस्सी से हमला कर घायल करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने गांव के ही पांच लोगों को नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में कैरखेड़ी निवासी कृष्ण ने बताया कि उसके छोटे भाई सुरेंद्र के बंटवारे में जो जमीन आई है। उस जमीन पर खेत के पड़ोसी राजेंद्र व कृष्ण ने कब्जा किया हुआ है। उन्होंने इस कब्जे को छुटवाने के लिए तहसीलदार से पांच महीने पहले जमीन की निशानदेही करवाई थी और जमीन के चारों तरफ सीमेंट के पोल तहसीलदार की मौजूदगी में लगवा दिए थे। कब्जाधारियों को गेहूं की फसल काटने के बाद जमीन खाली करने के लिए कहा था, लेकिन कृष्ण कुमार व राजेंद्र ने उस जमीन को गेहूं काटने के बाद भी खाली नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सात जुलाई को सायं राजेंद्र, कृष्ण, अजय, अमन, सतपाल ने उस पर तथा उसके भाई चतर सिंह पर जमीनी विवाद को लेकर कस्सी, डंडे व रॉड से हमला कर घायल कर दिया। बचाव के लिए शोर मचाए जाने पर आसपास के लोगों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। जहां से परिजन उनको इलाज के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में लेकर आए। चिकित्सकों ने उसके भाई की गंभीर हालात को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि दो भाइयों पर हमला करने के आरोप में गांव के ही पांच लोगों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।