जींद। बढ़ती गर्मी की वजह से बिजली की खपत काफी बढ़ गई है। पहले जहां प्रतिदिन 60 से 70 लाख यूनिट बिजली की मांग रहती थी, अब यह एक करोड़ यूनिट प्रतिदिन के पार पहुंच गई है। बिजली की खपत सबसे अधिक एसी बढ़ा रहे हैं। ऐसे में बिजली की खपत कम करने के लिए बिजली निगम ने एक अलग तरीका निकाला है। अब निगम की ओर से सस्ते दर पर उपभोक्ताओं को 1.5 टन एसी उपलब्ध करवाया जाएगा। इतना ही नहीं जिन उपभोक्ताओं के पास पुराने एसी हैं, उन्हें बदलकर उपभोक्ता नया एसी ले सकेंगे। इसके लिए बिजली निगम की ओर से तीन कंपनियों के साथ अनुबंध किया गया है। इसमें डक्कन एयर कंडिनशनर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ब्लू स्टार लिमिटेड और वोल्टास लिमिटेड शामिल हैं। यह तीन फर्म उपभोक्ताओं को एसी उपलब्ध करवाएंगी। इसके लिए निगम ने पोर्टल पर एक लिंक जारी किया है, जिस पर उपभोक्ता को नए और पुराने एसी से संबंधित आवेदन करने होंगे। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग नियम लागू रहेंगे। यह स्कीम 24 अगस्त तक मान्य होगी। पहले उपभोक्ता को निगम की वेबसाइट पर दिए लिंक पर आवेदन करना होगा। फर्मों के पास आवेदन आने के दो दिन के अंदर उपभोक्ता के घर जांच टीम विजिट करेगी। वह उपभोक्ता ही इस स्कीम का लाभ ले सकते हैं, जो निगम का नियमित बिजली उपभोक्ता हो। जिसका कोई भी पिछला बिल बकाया नहीं हो। उपभोक्ता पुराने तीन एसी बदल सकता है और नया एसी एक बार ही ले सकता है।
बॉक्स
यह तय किए गए रेट
ग्रामीण उपभोक्ता :
क्षमता निगम द्वारा तय रेट सब्सिडी उपभोक्ता राशि
1.5 टन पुराना एसी बदलने पर 36 हजार 413 रुपये आठ हजार रुपये 28 हजार 413 रुपये
1.5 टन नया एसी लेने पर 39 हजार 548 रुपये चार हजार रुपये 35 हजार 548 रुपये
बॉक्स
शहरी उपभोक्ता निगम द्वारा तय रेट सब्सिडी उपभोक्ता राशि
1.5 टन पुराना एसी बदलने पर 36 हजार 413 रुपये चार हजार रुपये 32 हजार 413 रुपये
1.5 टन नया एसी लेने पर 39 हजार 548 रुपये दो हजार रुपये 37 हजार 548 रुपये
बॉक्स
बिजली खपत को कम करने के लिए बिजली निगम ने यह स्कीम शुरू की है। पुराने एसी बदलकर सस्ते दरों में नया एसी खरीदने के लिए सुनहरा मौका है। उपभोक्ताओं को चाहिए कि वह ज्यादा से ज्यादा इस योजना का लाभ उठाएं। इससे बिजली की खपत कम होगी और उपभोक्ताओं को नए एसी उपलब्ध होंगे, क्योंकि पुराने एसी बिजली की ज्यादा खपत करते हैं।
श्यामबीर सैनी, एसई, बिजली निगम जींद।