जींद। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार रेंटल के नाम पर लोगों से 36 लाख ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी की राशि में से नकद रुपये, कई लग्जरी वाहन, जाली दस्तावेज, कंप्यूटर और फोन बरामद किए हैं।
सिविल लाइन पुलिस प्रभारी पूजा ने बताया कि तीन सितंबर को जवाहर नगर निवासी संजय ने पुलिस को एफआईआर में बताया था कि वह रॉयल कार रेंटल के नाम से कार रेंटल का कार्य करता है। उसकी पांच गाड़ियों को हिसार निवासी पुनीत किराये पर लेकर चंडीगढ़ व अन्य स्थानों पर काम बताकर ले गया था।
बाद में उन्होंने उक्त सभी गाड़ियों को जाली दस्तावेज तैयार कर गिरवी रखकर व बेचकर 36 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पुलिस ने पुनीत समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक सचिन के नेतृत्व में आरोपी पुनीत को थाना सांपला जिला रोहतक से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम और ठिकाने बताए जिनके आधार पर पुलिस ने हिसार, भिवानी, रोहतक और चंडीगढ़ में दबिश देकर आरोपी हिसार निवासी तनिष्क, धर्मेंद्र उर्फ सूखा, भिवानी निवासी सतीश कुमार उर्फ सुंदर, सरोज उर्फ सुमन तरड़ को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर
दो लग्जरी गाड़ी, 20 हजार रुपये, एक लेपटॉप सीपीयू, की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर, तीन मोबाइल फोन, जाली आरसी, आधार कार्ड, पेन कार्ड, स्टाम्प पेपर, बैंक चैक, ई-स्टाम्प दस्तावेज कई इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल साक्ष्य (पेन ड्राइव, चैट प्रिंटआउट, स्क्रीनशॉट आदि) को भी कब्जे में लिया है।
वर्जन
यह गैंग संगठित तरीके से लोगों की गाड़ियां किराये पर लेकर उन्हें जाली दस्तावेजों के माध्यम से गिरवी रखता या बेच देते थे। पुलिस की टीम ने सतर्कता से कार्य करते हुए इस ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है।-कुलदीप सिंह, एसपी जींद