जींद। जिले के राजकीय और निजी कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने पहली मेरिट सूची जारी कर दी है। सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी 25 से 27 अगस्त तक निर्धारित फीस जमा कर सीट पक्की कर सकते हैं। इसके बाद खाली रहने वाली सीटों पर 28 अगस्त से फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से दाखिले होंगे।
जिले के छह राजकीय व निजी कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रमों की करीब एक हजार सीटें हैं।संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज में छह पाठ्यक्रमों की 280 सीटों में से पहली मेरिट सूची में 176 सीटें आवंटित हुई हैं। इनमें एमए हिंदी की 40 में से 39 सीटें भर गईं, जबकि एमए इंग्लिश में 33, एमए इकनॉमिक्स में 28, एमएससी मैथ में 26, एमकॉम में 29 और पीजीडीसीए में 21 सीटें आवंटित हुई हैं।
राजकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यवान मलिक के अनुसार पहली मेरिट में एमएससी मैथ के ऑल इंडिया ओपन वर्ग की कटऑफ 97.53 प्रतिशत रही। एमए इंग्लिश में यह 90.98 और एमए हिंदी में 90.26 प्रतिशत रही। एमए इकनॉमिक्स की ऑल इंडिया ओपन कटऑफ 87.10, एमकॉम की 80.70 और पीजीडीसीए की 70.57 प्रतिशत रही। एमए हिंदी में हरियाणा जनरल की कटऑफ 81.20, एमए इंग्लिश में 74.79 और एमएससी मैथ में 78 प्रतिशत रही। वहीं एमए इकनॉमिक्स में हरियाणा जनरल की कटऑफ 64.24 तथा पीजीडीसीए में 52.42 प्रतिशत रही।
29 अगस्त को फिर खुलेगा पोर्टल, पांच सितंबर तक 100 रुपये लेट फीस
संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यवान मलिक ने बताया कि पहली सूची के बाद भी सीटें खाली रहने पर 28 अगस्त से फिजिकल काउंसिलिंग होगी। उच्चतर शिक्षा विभाग 29 अगस्त को दोबारा पोर्टल खोलेगा, जिसमें विद्यार्थी नए रजिस्ट्रेशन के साथ पहले किए आवेदन में आवश्यक बदलाव कर सकेंगे। इसके बाद 30 अगस्त से पांच सितंबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिले होंगे। सीटें फिर भी खाली रहने पर छह से 12 सितंबर तक 100 रुपये प्रारंभिक विलंब शुल्क के अलावा प्रत्येक दिन 100 रुपये अतिरिक्त लेट फीस देनी होगी।