नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन घायल।
- फोटो : Jind
जींद। पिल्लूखेड़ा गांव में दो युवकों के झगड़े में बीचबचाव करने गए एक युवक को एक अन्य युवक ने गोली मार दी। इसमें गोली युवक के पैर में लगी जबकि एक अन्य युवक को भी गोली के छर्रे लगे। गोली लगे युवक को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया जबकि दूसरे युवक ने पिल्लूखेड़ा में ही किसी निजी अस्पताल में उपचार करवाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस घायल युवक के बयान दर्ज करने के लिए पीजीआई रोहतक रवाना हो गई है।
पिल्लूखेड़ा निवासी हरज्ञान ने बताया कि गांव पिल्लूखेड़ा में गेहूं का तूड़ा बनाने के लिए आए रीपर चालकों को अपने-अपने यहां ले जाने के लिए दो युवकों का आपस में विवाद हो रहा था। उनका बीच-बचाव करने के लिए उसका भतीजा मनोज आ गया तथा दोनों को समझाने लगा। इसी बीच आपस में झगड़ रहे दोनों युवकों में से एक युवक ने मनोज पर गोली दाग दी। गोली मनोज के पैर में लगी। इसके अलावा मनोज के पास खड़े नीरज नामक एक अन्य युवक को भी गोली के छर्रे लगे। मनोज के तुरंत नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, यहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि उन्हें मामले की सूचना मिल चुकी है। पुलिस टीम रोहतक पीजीआई में घायल के बयान लेने के लिए रवाना कर दी है। शिकायत के बाद ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।