30जेएनडी19: धरने पर बैठे फायर कर्मचारी। स्रोत कर्मचारी।
नरवाना। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन का धरना वीरवार को 23वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन तेज करते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग उठाई। धरने की अध्यक्षता सुभाष चंद ने की, जबकि मंच संचालन ब्लॉक नरवाना प्रधान राजा सिंह गुरथली ने किया।
धरने को समर्थन देने के लिए ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के ब्लॉक प्रधान दलबीर धरौदी सहित अन्य कर्मचारी भी पहुंचे। इस दौरान राजा सिंह गुरथली ने कहा कि फरीदाबाद स्थित कालका स्टील कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले कर्मचारियों भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह के परिवारों को न्याय मिलना चाहिए।
उन्होंने मांग रखी कि दोनों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी और शहीद का दर्जा दिया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक शहीदों को न्याय नहीं मिलता और कर्मचारियों की 22 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर राज्य उपप्रधान सत्यवान पान्नू, राममेहर श्योकंद, अंग्रेज सिंह, वीरेंद्र सिंह, सोहन लाल, प्रवीन कुमार, जयभगवान, विनोद, कमलजीत और फायर कर्मचारी मौजूद रहे।