सार
मनोहरपुर गांव निवासी सोनू ने बताया कि वह कई सालों से किसानों से पराली खरीदकर उसे राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत अन्य राज्यों में बेचने का काम करता है। बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जींद के मनोहरपुर गांव में शनिवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्रित धान की पराली में आग लग गई। जिससे लगभग 150 एकड़ से अधिक क्षेत्र की स्टोर की गई पराली जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार घंटे में आग पर काबू पाया।
मनोहरपुर गांव निवासी सोनू ने बताया कि वह कई सालों से किसानों से पराली खरीदकर उसे राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत अन्य राज्यों में बेचने का काम करता है। बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस आगजनी में उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आगजनी की घटना गांव के नजदीक फीडर के पास रखी पराली के ढेरों में हुई, जहां आग अचानक भड़क उठी और तेजी से फैल गई।
सदर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थी, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।