नरवाना। हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर बुधवार को फायर कर्मचारी 22 सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल पर बैठ गए। हड़ताल से विभागीय कार्य प्रभावित रहा।
यूनियन के ब्लॉक प्रधान राजा सिंह गुरथली ने बताया कि 16 फरवरी को फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान हुई घटना में दो फायर कर्मचारी भवी चंद्र शर्मा और रणवीर की मौत हो गई थी। यूनियन ने परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को स्थायी नौकरी और शहीद का दर्जा देने की मांग की थी लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के इस रवैये से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। यूनियन ने मांग की कि जॉब सिक्योरिटी एक्ट 2004 के तहत कच्चे कर्मचारियों को 58 वर्ष तक नौकरी की गारंटी दी जाए। इसके अलावा पे रोल कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी, 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता, 7500 रुपये वर्दी भत्ता और 500 रुपये धुलाई भत्ता देने की मांग भी उठाई गई।
नियमित कर्मियों को बिना शर्त एसीपी और प्रमोशन का लाभ देने, कच्चे कर्मचारियों को एलटीसी सुविधा देने और त्योहारों पर ड्यूटी के बदले एक माह का अतिरिक्त वेतन देने की भी मांग रखी। हड़ताल को सफाई कर्मचारी यूनियन ने भी समर्थन दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।
इस मौके पर कमलजीत, सुरेश कुमार, सुभाष चंद, सत्यवान पानू, प्रवीण कुमार, जयभगवान, रामनिवास, सोहन लाल, विनोद, जोगिंद्र सिंह, सत्यवान सिंह, पवन सहित कई फायर कर्मचारी धरने पर बैठे रहे जबकि सफाई कर्मचारियों ने भी एकजुटता दिखाते हुए समर्थन किया।