जींद। हंसडहैर गांव के एक दंपति को वर्क परमिट पर अमेरिका भेजने के नाम पर 64 लाख रुपये ठग लिए। मामले में गढ़ी थाना पुलिस ने दो पानीपत और एक करनाल के व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली है।
हंसडहैर गांव के संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी सुखबीर कौर अमेरिका वर्क वीजा पर जाना चाहते थे। उनको मौसी कृष्णा देवी और उनके लड़के अमन वासी शाहपुर जिला पानीपत ने उन्हें अरुण वासी सिद्धपुर तहसील निलोखेड़ी से 23 दिसंबर 2023 को मिलवाया।
उनकी मौसी कृष्णा देवी ने अरुण की पत्नी से बातचीत कर सुखबीर कौर को झांसे में ले लिया और विदेश भेजने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने संदीप और उनकी पत्नी सुखवीर को अमेरिका वर्क वीजा पर भेजने के लिए 75 लाख रुपये की मांग की थी। यह तय हुआ कि 20 लाख रुपये पहले लेंगे और बाकी अमेरिका जाने के बाद लेंगे।
आरोपियों के खाते में 20-21 लाख रुपये जाने के बाद उन्होंने दुबई बुला लिया और कहने लगे कि आपके दस्तावेज तैयार हो रहे हैं। इसके बाद दुबई से अमेरिका भेजेंगे। संदीप और उनकी पत्नी दुबई चले गए और वहां पर छह माह तक रहे।
फिर वहां से मई 2024 में उन्हें जमैका भेज दिया और वहां एक सप्ताह रहे और वापस दुबई आ गए। इस दौरान आरोपी पैसे लेते रहे। इसी दौरान उन्हें अवैध रूप से लीबिया भेज दिया गया। जहां पर दंपती को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वहां से निकालने के लिए आरोपियों ने 15 लाख रुपये की मांग की।
14 अगस्त 2024 को अरुण के वेद प्रकाश उनके घर से 14 लाख रुपये नकद लेकर गया। वे चार सितंबर 2024 को लीबिया से भारत आ गए। 23 दिसंबर 2023 से अगस्त 2024 तक आरोपियों ने उनसे 64 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
आरोपी उन्हें अमेरिका भेजने की बात कहते रहे लेकिन भेजा नहीं। 20 नवंबर 2024 को रात के समय धमकी दी कि अगर कोई कार्रवाई की तो जान से मार देंगे। गढ़ी थाना पुलिस ने इस मामले में कृष्णा देवी, अमन, अरुण के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है