शहर की पॉश कॉलोनी अर्बन एस्टेट के लोहे के गेटों पर ताला लगाने वालों के खिलाफ अब हुडा प्रशासन सख्त हो गया है। हुडा की संपदा अधिकारी और सिटीएम डॉ. किरण सिंह ने बताया कि लोहे के गेट में ताला लगाने वालों के खिलाफ एफआईआर करवाई जाएगी। हालांकि उनके इस फैसले के बाद भी अभी तक कोई एफआईआर नहीं हुई है और गेट पहले की तरह ही बंद पड़े हैं। करीब एक साल पहले कुछ लोगों ने अर्बन एस्टेट में सुरक्षा का हवाला देते हुए गलियों में गेट लगा दिए। अर्बन एस्टेट में फिलहाल दर्जन भर गेट हैं और इनमें अधिकतर गेट हर वक्त बंद रहते हैं। इससे गेट के साथ वाले मकान में जाने के लिए लोगों को गली के दूसरी ओर से चक्कर लगाकर जाना पड़ता है। ऐसे में कुछ लोगों ने शुरू से ही इसका विरोध करना शुरू किया, लेकिन विरोध के बावजूद गेट बनते चले गए। अब इन गेटों को हुडा प्रशासन ने ही अनाधिकृत ठहरा दिया है और गेट बंद करने वालों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर करवाने का फैसला लिया है।
अधिकारी के आदेश भी हवा
दरअसल एक सप्ताह पहले ही हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) द्वारा खुला दरबार लगाया गया था। खुले दरबार में लोगों ने फिर से गेट बंद होने से आ रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। तब खुले दरबार में ही संपदा अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने गेट हर वक्त खुले रखने के आदेश दिए थे। इसका असर एक दिन के लिए दिखा भी और फिर से गेटों पर ताले लटक गए हैं।
बुजुर्गों को परेशानी
अर्बन एस्टेट की गलियों में बने गेट बंद होने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। दरअसल इन गेटों के बीच में ही एक छोटा गेट बनाया गया है, लेकिन इस गेट को पार करना आसान नहीं है। ऐसे में जब इस रास्ते से बुजुर्ग और बच्चे आते हैं तो, वे गेट पार नहीं हो पाते।
जेल हो गया घर
गलियों में गेट बनने के कारण घर ही जेल हो गया है। कई बार कोई रिश्तेदार या अन्य जानकार घर आता है तो उसे पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। आगे से आगे गेट बंद मिलते हैं। वहीं गेट बंद होने के दौरान यदि कहीं आग लग जाती है तो वहां तक फायर ब्रिगेड को पहुंचने में भी बहुत समय लग जाएगा। ऐसे में गेट तुरंत प्रभाव से खोलने चाहिए।
- सत्यवान साहु, अर्बन एस्टेट निवासी
कुछ लोगों की चल रही है मर्जी
असल में गेट लगाने में कुछ लोगों की मनमर्जी चल रही है। कोने के मकान वालों ने गेट बनाकर अपने घर के बाहर की जगह को व्यक्तिगत प्रयोग के लिए खाली कर लिया है। यहां गेट बंद होने के कारण यह मकान गली का अंतिम मकान हो गया और यहां कोई वाहन नहीं आता। ऐसे में इस जमीन को लोग व्यक्तिगत प्रयोग कर लाभ ले रहे हैं। प्रशासन को इसे समझना चाहिए।
- फूलकुमार, अर्बन एस्टेट निवासी
सुरक्षा के लिए जरूरी
गेट लोगों की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं। अर्बन एस्टेट में आए दिन चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाएं होती रहती थी। गेट बनने के बाद इनमें काफी कमी आई है। ऐसे में गेट सुरक्षा के लिए लाभदायक हैं। हां कुछ लोगों को इससे दिक्कत भी हो रही है।
- जयसिंह, अर्बन एस्टेट निवासी
गेट लगाने के लिए लोगों ने हुडा से अनुमति नहीं ली है। इससे कई जगह लोगों परेशानी हो रही है। ऐसे में लोगों को गेट खोलने के आदेश दिए थे, लेकिन फिर भी कुछ लोग गेट बंद कर रहे हैं। ऐसे में यदि गेट पर ताला लगाने वाले की पहचान नहीं होती तो प्रशासन उस पूरी लेन में रहने वालों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करवाएगा।
- डॉ. किरण सिंह, संपदा अधिकारी, हुड्डा