सफीदों। गांगोली निवासी छात्रा सुमन व रोडवेज कर्मचारी आजाद के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। छात्रा ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री को शिकायत भेजा है। साथ ही पिल्लूखेड़ा थाना में भी कार्रवाई की मांग की है।
छात्रा सुमन ने बस के निर्धारित स्थान पर न रुकने और अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दे मुद्दे को उठाया था लेकिन डिपो इंचार्ज ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। छात्रा से उसकी जाति पूछकर अपमानित भी किया और उसे धमकाया।
छात्रा ने आरोप लगाया कि उन्हें धमकाया जा रहा है और बस अड्डों पर जानबूझकर असुविधा दी जा रही है। उनका कहना है कि उन्हें पंचायत घर के बजाय भागखेड़ा अड्डे पर उतारा जाता है जहां शराब का ठेका है और वहां शराब के नशे में छात्राओं को परेशान किया जाता है। कभी-कभी उन्हें गांव से बाहर ले जाकर बस रोकी जाती है जिससे छात्राओं को लंबा पैदल सफर करना पड़ता है।
आरोप लगाया कि उसे वीडियो डिलिट करने की धमकी दी जा रही है। छात्रा ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व परिवहन मंत्री अनिल विज को शिकायत पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।