जींद। अलेवा क्षेत्र के गांव कुचराना खुर्द में गली में रेहड़ी खड़ी करने को लेकर हुए झगड़े में बाप-बेटा घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चार महिलाओं सहित दस लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
कुचराना खुर्द निवासी वीरेंद्र ने एफआईआर में बताया कि 20 जुलाई को राममेहर ने गली में बाइक रेहड़ी खड़ी कर रखी थी। इससे आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही थी। उनके भतीजे संजू ने राममेहर को रेहड़ी हटाने के लिए कहा तो उनकी कहासुनी हो गई।
21 जुलाई को सुबह राममेहर ने फोन करके अपने घर आने को कहा। वह अपने बेटे मनदीप को लेकर राममेहर के घर के पास पहुंचे तो वहां राममेहर, हिमांशु, यमन, दीपक, भरथो, कविता, पूजा, प्रीति और दो अन्य युवक अपने हाथों में लाठी, डंडे, हॉकी और धारदार हथियार से उनपर हमला कर दिया। जब उन्होंने शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोगों को आता देखकर सभी मौके से भाग गए। संवाद