खटकड़ टोल पर किसानों के धरने पर पहुंचे विभिन्न गांवों के किसान। संवाद
- फोटो : Jind
खटकड़ टोल प्लाजा पर चल रहा किसानों का धरना वीरवार को भी जारी रहा। इस दौरान इनेलो के जिलाध्यक्ष रामफल कुंडू किसानों के बीच पहुंचे और 25 जुलाई को इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के दौरे की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से पूछा कि क्या चौटाला को धरने पर बोलने दिया जाएगा। इस पर किसानों ने कहा कि किसी भी राजनेता को नहीं बोलने दिया जाएगा। वीरवार को धरने की अध्यक्षता काब्रच्छा गांव के किसान हरिकेश ने की। धरने पर जयवीर जाखड़, अंकित जाखड़, सुनील खटकड़, मास्टर बालकिशन शर्मा व शमशेर ने अनशन किया।
खटकड़ टोल कमेटी के प्रधान सतबीर बरसोला ने कहा कि समिति पहले ही फैसला ले चुकी है कि किसानों के आंदोलन को राजनीति का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। इसके चलते ही फैसला लिया गया है कि किसी भी राजनेता को धरनास्थल पर नहीं बोलने दिया जाएगा। इस पर इनेलो के जिला प्रधान व पूर्व विधायक रामफल कुंडू ने कहा कि यह किसानों का फैसला है। ओमप्रकाश चौटाला किसानों के बीच राजनीति करने नहीं, उनका समर्थन करने जा रहे हैं।