24जेएनडी08: मनोहरपुर गांव में विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा।
जींद। मनोहरपुर अनाज मंडी में 3.20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने शुभारंभ किया। उन्होंने नारियल तोड़कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की और कहा कि किसानों की हर समस्या का समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मनोहरपुर अनाज मंडी के विकसित होने से आसपास के लगभग 10 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मंडी में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पक्का फड़ मैदान, बरसाती पानी की निकासी के लिए नालियां, मंडी का लेवलिंग कार्य और पक्के रास्तों का निर्माण करवाया जाएगा।
इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी और अनाज मंडी में फसल की गुणवत्ता भी बनी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए पूरा किया जाए।
डॉ. मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भावांतर भरपाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था प्रदान की जा रही है।
उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का जिक्र करते हुए किसानों से आह्वान किया कि वे वैज्ञानिक तरीके से खेती कर अपनी लागत कम करें। इस दौरान मार्केटिंग बोर्ड के एसई नवीन दहिया, कार्यकारी अभियंता प्रदीप शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव संजीव जांगड़ा, चेयरमैन मनीष , मनोहरपुर गांव के सरपंच प्रतिनिधि सरपंच विनोद कुमार व पूर्व सरपंच दिलबाग सिंह मौजूद रहे।