22जेएनडी32-किसान मेले में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री कृष्ण बेदी। संवाद
- फोटो : mathura
नरवाना। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किसान मेले के कार्यक्रम में शनिवार को हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी पहुंचे। उन्होंने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। मेले में पहुंचे किसानों को बीज से बाजार तक की जानकारी दी गई। कृषि उपकरण पर भारी छूट भी दी गई। इस मेले में ट्रैक्टर, खेती बाड़ी से संबंधित तरह तरह के उपकरण, खाद, बीज, दवाई, मसालों सहित अन्य खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाए गए थे।
कैबिनेट मंत्री ने मेले में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया। मेले में किसानों द्वारा खेती से संबंधित उपकरण भी खरीदे गए। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रदेश में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की चिंता करने की जरूरत नहीं है। किसानों को किसी भी पटवारी के पास जाने की भी जरूरत नहीं है। सरकार इसके लिए स्पेशल गिरदावरी करवाई जाएगी। किसी भी किसान को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले जो भी व्यापार होता था वे उद्योग के पक्ष के लिए होता था, जिससे कि उद्योगपतियों को अधिक लाभ हो, लेकिन आज केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए कार्य कर रही है।
पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों को कम से कम लाभ दिया है, लेकिन वर्तमान सरकार में अब ये लाभ सीधा किसानो की जेब में जाता है। उन्होंने कहा मनरेगा मजदूर के पास अगर उसकी मेहनत का पैसा आता है तो वह उससे किसी नजदीक की दुकान से जूते या चप्पल खरीदेगा, जिससे कि देश का पैसा लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए काम आता है। इस दौरान एफटूडीएस के सीईओ नीरज सिंह सिंहमार, मंडल अध्यक्ष सुरेश गोयल, मंडी एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट राजेश शर्मा, विशाल मिर्धा मौजूद रहे।