धरने पर बैठे आंदोलनकारियों से बातचीत करने पहुंचे अधिकारी।
- फोटो : Jind
लुदाना-मोरखी रेलवे अंडरपास पर फाटक बनवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों ने शुक्रवार को अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना दो महीने के लिए स्थगित कर दिया। शुक्रवार को रेलवे विभाग के सहायक मंडल अभियंता प्रतीक कुमार, एसडीएम मनदीप कुमार, हलका विधायक सुभाष देशवाल गांगोली, भाजपा के वरिष्ठ नेता नेता राजू मोर व नायब तहसीलदार इंद्र सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे रेलवे विभाग को इस बारे में अपनी ओर से लिखित में फाटक बनवाने का मांगपत्र भेजेंगे। इस दौरान किसानों ने विभाग के अधिकारियों को दो महीने का समय दिया है। धरनास्थल पर बैठे जगबीर लुदाना, अशोक, बुनी सिंह, सुनील, कृष्ण, प्रेम मोरखी व थांबू मोरखी ने कहा कि रेलवे विभाग व एसडीएम मनदीप कुमार, हलका विधायक सुभाष देशवाल गांगोली और भाजपा नेता राजू मोर की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों ने दो माह के अंदर-अंदर अंडरपास की जगह फाटक लगाने का आश्वासन दिया है। धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि वे हलका विधायक सुभाष देशवाल गांगोली और वरिष्ठ भाजपा नेता राजू मोर के आश्वासन पर धरने को दो माह के लिए स्थगित कर रहे हैं। सुभाष देशवाल गांगोली ने कहा कि यदि 25 अप्रैल तक फाटक नहीं लगा तो वे दोबारा से रेलवे ट्रैक पर अपना धरना शुरू कर देंगे।
गौरतलब है कि नौ फरवरी से लुदाना-मोखी रेलवे अंडरपास पर फाटक बनवाने की मांग को लेकर किसानों का धरना जारी था। दो दिन से किसानों ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी, लेकिन शुक्रवार को अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना 25 अप्रैल तक स्थगित कर दिया।
अंडरपास में भरे पानी की समस्या को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों से बातचीत करने के लिए पहुंचे अधिकारी- फोटो : Jind