किसान नेता राकेश टिकैत के रोते हुए वीडियो आने के बाद हरियाणा के किसानों में गुस्सा बढ़ गया है। इसको लेकर जींद के कंडेला गांव में रात को ही चंडीगढ़ रोड जाम कर दिया था। शुक्रवार सुबह फिर गांव में पंचायत हुई।
इस पंचायत में साफ किया गया कि यदि बॉर्डर से किसानों को उठाया गया तो वे सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। किसानों ने कहा कि सरकार कंडेला गांव का इतिहास याद रखे। किसानों ने चेतावनी दी कि कंडेला कांड बनते देर नहीं लगेगी। खाप ने एलान किया कि हर घर से एक व्यक्ति और गांव के ट्रैक्टर दिल्ली की सीमा पर जाएंगे। किसानों ने कहा कि दोबारा एक्शन हुआ तो हरियाणा में इसके भयंकर परिणाम सामने आएंगे।
वहीं उचाना के गांव खरक भूरा की 36 बिरादरी ने बड़ी चौपाल में इकट्ठे होकर जबरदस्ती अन्नदाता का आंदोलन खत्म करने के विरोध में एकजुटता दिखाई। शुक्रवार सुबह पूरे गांव के लोगों ने गाजीपुर बॉर्डर के लिए प्रस्थान करने का सामूहिक फैसला लिया।
ग्रामीण प्रेम, बजे सिंह फौजी, रणधीर, अमृतलाल, पृथ्वी नंबरदार, रमेश, संदीप, मिता पहलवान, कपिल पहलवान रामनिवास ने जारी बयान में बताया कि किसान आंदोलन को मजबूत करने के लिए दिल्ली रवानगी करेंगे। ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचना है। ग्रामीण गांव से ट्रैक्टर ट्राली लेकर उसमें अपना राशन डालकर दिल्ली के लिए कूच कर चुके हैं।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से फैसला लिया कि आंदोलन में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं करेंगे। किसान नेताओं को मजबूत करने के लिए पूरे प्रदेश से लाखों की संख्या में लोग आंदोलन स्थल पर पहुंचेंगे।