20जेएनडी17-प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के बाहर खाद लेने के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद
नरवाना। शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र से बुधवार सुबह किसानों को एक बार फिर खाली हाथ लौटना पड़ा। यहां सुबह से ही खाद के लिए किसानों की लाइन लगने लगी थी लेकिन दोपहर होते ही अधिकारियों ने बताया कि केंद्र पर खाद का स्टॉक नहीं है और आज कोई वितरण नहीं होगा।
खाद के लिए किसानों को दुकानों के बाहर काफी समय बिताना पड़ रहा है जिससे उनकी परेशानियां बढ़ रही हैं। खाद लेने पहुंचे किसान अनिल और विक्रम ने बताया कि एक महीने में वह कई बार केंद्र का चक्कर काट चुके हैं लेकिन हर बार खाली हाथ लौटते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय धान की फसल के साथ-साथ पशुओं के लिए हरा चारा, मक्का व ज्वार आदि बोया गया है जिनके लिए खाद जरूरी है। खाद न मिलने के कारण फसल की पैदावार पर असर पड़ रहा है।
किसानों ने कहा कि उन्हें पता चला था कि बुधवार को खाद का वितरण होगा। इसी उम्मीद में वे सुबह से ही कतार में लग गए लेकिन बाद में अधिकारियों ने कह दिया कि खाद का स्टॉक अभी तक पहुंचा ही नहीं है। इस दौरान खाद वितरण करने वाले सुरेश ने बताया कि केंद्र पर अब तक खाद का नया स्टॉक नहीं आया है जैसे ही आएगा किसानों को सूचित कर दिया जाएगा।
खरीफ सीजन में फसलों को खाद की जरूरत अधिक होती है। ऐसे में खाद न मिलने से किसान खासे परेशान हैं। किसान संगठनों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द केंद्रों पर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
14 जुलाई के बाद नहीं आया खाद
खाद लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि केंद्र पर 14 जुलाई के बाद खाद नहीं पहुंचा है। वहीं उझाना, अमरगढ़ व खरल पैक्स पर खाद के लिए भेज दिया था वहां पर खाद का स्टॉक आना है।
वर्जन
नरवाना पुरानी अनाज मंडी में केंद्र पर 1000 बैग खाद के आने थे लेकिन वह किसी कारण नहीं पहुंचे। वहीं उझाना गांव में भी करीब चार हजार बैग आने थे लेकिन वहां पर भी नहीं पहुंचे। जैसे ही खाद केंद्रों पर पहुंचेगी तो किसानों को सुचारू रूप से खाद वितरित किया जाएगा। किसी भी किसानों को खाद से वंचित नहीं रखा जाएगा।
सुनील, एसडीओ कृषि एवं किसान कल्याण विभाग नरवाना।