नरवाना। नरवाना की मेला अनाज मंडी में संयुक्त किसान मोर्चा का धरना शनिवार को भी जारी रहा। धरने का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा के राज्य अध्यक्ष मास्टर बलबीर सिंह ने किया। इसकी अध्यक्षता चंद्रभान दबलैन ने की, जबकि मंच संचालन निहाल सिंह गुरुसर ने किया।
मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि मंडी की समस्याओं को मार्केट कमेटी सचिव से लेकर एसडीएम, डीएम, डीसी और कृषि मंत्री तक के संज्ञान में लाया जा चुका है, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। मंडी में धान का उठान बेहद धीमी गति से हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिसमैच के मामले लंबित होने के कारण किसानों की धान 1600 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीदी जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार पर भी रोष जताया। धरने में सतबीर खरल, सतबीर चोपड़ा, सतबीर फौजी, बलवान सिंह, रत्न सिंह चोपड़ा सहित अनेक किसान मौजूद रहे।