जींद। अलेवा थाना क्षेत्र के रायचंदवाला गांव में एक एकड़ जमीन के विवाद में परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
रायचंदवाला निवासी कविता ने एफआईआर में बताया कि करीब चार साल पहले परिवार ने एक एकड़ जमीन खरीदी थी। जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल उनकी भाभी सुमन के नाम है। इस जमीन पर बाजरे की फसल बोई हुई थी और फसल का विवरण भी मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज कराया गया था।
आरोप है कि गांव के दीपक, मनोज, विकास, करनैल कौर और बाला ने खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चलाकर जमीन पर कब्जा कर लिया। परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी गई। इस विवाद को लेकर पहले भी अलेवा थाना और एसपी कार्यालय में शिकायतें दी गई थीं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
13 अक्तूबर रात उसकी बहन सुषमा ससुराल जाने के लिए घर से निकल रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उसका भाई संदीप घर से बाहर आया और परिजनों को छुड़ाने लगा। इसी दौरान दीपक ने संदीप पर जेली से वार किया। थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि इस मामले में आरोपियों को नामजद कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।